कांवड़ यात्रा 14 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस दौरान रोडवेज का अस्थायी बस अड्डा ऋषिकुल मैदान में बनाया जाना है। मैदान में हरिद्वार महोत्सव चल रहा है और इसके लिए 17 जुलाई तक की अनुमति प्रशासन की ओर से दी गई है। अब प्रशासन ने मैदान में लगे मेले को 14 से पहले समाप्त करने के लिए पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।
शहर के बीच में केवल ऋषिकुल मैदान ही ऐसी जगह है, जिसका इस्तेमाल मेलों और स्नान पर्व के दौरान पार्किंग और रोडवेज बस अड्डे के तौर पर किया जाता रहा है। इस बार कांवड़ मेले में चार करोड़ से ज्यादा शिव भक्तों के आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन समेत अन्य विभागों की टीमें लगातार अतिक्रमण हटाते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए जगह बना रही हैं। ऋषिकुल मैदान पर रोडवेज का अस्थायी बस अड्डा बनाना प्रस्तावित है। यहां अभी तक मेला सजा हुआ है। उससे पहले यह मैदान खाली हो पाएगा या नहीं, खाली होने के बाद कब तक इसका उपयोग कांवड़ मेले के लिए किया जा सकेगा इस पर अभी संशय बना हुआ है। अब सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार ने पुलिस से रिपोर्ट मांग है कि किस तरह से इस मेले को पहले समाप्त कराया जा सकता है।
एसपी सिटी और कांवड़ मेले के नोडल अधिकारी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि मैदान 13 जुलाई तक खाली हो जाएगा और 14 जुलाई से इस मैदान का इस्तेमाल कांवड़ यात्रा के उद्देश्य से उपयोग किया जा सकता है।