हरिद्वार। जनवरी-2016 से अर्द्धकुंभ मेला शुरू होने जा रहा है। दिन-रात प्रशासन और निर्माण एजेंसियां मेले के दृष्टिगत कामों को सिरे चढ़ाने में लगी हुई हैं। लेकिन जिस शहर में मेला होना है वहां से 15 किलोमीटर दूर स्थित जिला मुख्यालय रोशनाबाद मेला क्षेत्र में शामिल नहीं किया गया है। जबकि विकास की सारी योजनाएं यहीं से बनती हैं। इससे पहले पड़ने वाले शिवालिकनगर और आधे से ज्यादा भेल क्षेत्र को भी मेला क्षेत्र से बाहर रखा हुआ है। जबकि हरिद्वार से करीब 100 किलोमीटर दूर तक मेला निधि से विकास के काम करवाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इन क्षेत्रों के साथ पूरे जिले को मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग की है।
वैसे तो कुंभ और अर्द्धकुंभ मेला क्षेत्र का निर्धारण पहले से तय है लेकिन उत्तराखंड बनने के बाद से मेला क्षेत्र का विस्तार कई बार किया गया। फिलहाल इसमें पौड़ी जिले का भी काफी हिस्सा है और देवप्रयाग तक कुंभ मेला निधि से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लेकिन विकसित हरिद्वार का अहम हिस्सा बन चुके जिला मुख्यालय रोशनाबाद एवं शिवालिकनगर को इसमें शामिल नहीं किया गया। इसके बारे में स्थानीय नागरिकों के अलावा जनप्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री से इन क्षेत्रों को मेला क्षेत्र में शामिल कराने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं की गई। मुख्यमंत्री के ओएसडी पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री के हरिद्वार दौरे के समय कुछ लोगों ने इस विषय को उठाया था सरकार इस पर विचार कर रही है।
क्या कहते हैं लोग
भेल नगर कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक उपाध्याय का कहना है शिवालिकनगर हरिद्वार का क्षेत्र है। इसे मेला क्षेत्र में शामिल कर यहां विकास कार्य कराए जाने चाहिए। इस बारे में प्रशासन और सरकार से मांग की जाएगी। रोशनाबाद निवासी अनिल कुमार एवं सतीश कुमार और आन्नेकी निवासी राकेश कुमार एवं देवेंद्र कुमार ने भी रोशनाबाद क्षेत्र को कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग की।
विधायक भी आए समर्थन में
रानीपुर क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान का कहना है कि उनके विधानसभा क्षेत्र की विकास के मामले में तो उपेक्षा ही की जा रही है मेला क्षेत्र में शामिल करने में भी उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बारे में वे पहले भी मांग कर चुके हैं अब फिर मुख्यमंत्री हरीश रावत से मिलेंगे। रोशनाबाद और शिवालिकनगर क्षेत्र को मेला क्षेत्र में शामिल किया जाना जरूरी है।
व्यापार मंडल ने उठाई पूरे जिले की मांग
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव चौधरी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पूरे जिले को कुंभ क्षेत्र में शामिल करने की मांग की है।
ज्वालापुर में भी नहीं किया काम
हर बार कुंभ और अर्द्धकुंभ के बजट से ज्वालापुर में भी विकास के काफी काम कराए जाते हैं लेकिन अब जबकि अर्द्धकुंभ के काम अंतिम दौर में चल रहे हैं। ज्वालापुर में एक भी गली अथवा सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। जबकि ज्वालापुर कुंभ के दृष्टिगत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। व्यापारी नेता रवि धींगड़ा और प्रवीण कुमार ने मेलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर ज्वालापुर में भी कुंभ निधि से काम कराने की मांग की है।