बहादराबाद। थाना क्षेत्र में कंपनी से मोटरसाइकिल पर लौट रहे कर्मचारी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों से वाहन की पहचान करने में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना बहादराबाद–धनौरी मार्ग पर रविवार दोपहर की है। सुदेश (32) पुत्र रमेश पाल सिंह निवासी चंदपुरा खुर्द, थाना शाहबाद, तहसील शाहाबाद, जिला रामपुर (उप्र) मोटरसाइकिल पर बेगमपुर स्थित एक कंपनी से नौकरी कर अपने किराये के कमरे पर लौट रहे थे। जैसे ही वह गणपति फार्म हाउस, बहादराबाद के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल दिया।
हादसे में मौके पर ही सुदेश की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसआई नितिन बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक चालक ट्रक लेकर फरार हो चुका था। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवाया। एसएसआई ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक व चालक की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।