हरिद्वार। वेतन की मांग के लिए चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ की ओर से ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में तालाबंदी कर दी गई। ओपीडी बंद होने से मरीजों को निराश लौटना पड़ा। एक सूत्रीय मांग के लिए कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को वेतन की मांग के लिए कर्मचारी जमा हो गए। कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और कक्षाएं भी बंद करा दी। मुख्य गेट पर तालाबंदी कर कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे डॉक्टरों की ओर से मरीजों को नहीं देखा गया। छात्र-छात्राओं की कक्षाओं का भी संचालन नहीं हो सका। कर्मचारियों का कहना था कि वेतन नहीं मिलने से घरों का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। बच्चों के स्कूलों में प्रवेश नहीं किए जा रहे हैं। मकानों की किस्त नहीं भरी जा रही हैं। कर्मचारियों ने वेतन जारी नहीं करने पर आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी। इस मौके पर दिनेश लखेड़ा, छत्रपाल सिंह, मनीष पंवार, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।