शनिवार रात को धनौरी बिजली घर की 33 केवी की मुख्य लाइन का केबल बॉक्स फुंकने से करीब 30 गांवों की बिजली आपूर्ति 14 घंटे ठप रही। बारिश और कड़ाके की ठंड में बिजली आपूर्ति नहीं होने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
धनौरी क्षेत्र के इमलीखेड़ा स्थित विद्युत कंट्रोल रूम से धनौरी बिजली घर की मुख्य आपूर्ति को आ रही 33 केवी का केबल बॉक्स फूंक गया। जिससे पूरी लाइन ब्रेक डाउन हो गई। इससे करीब 14 घंटे तक गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। जिसके चलते ग्रामीणों को सुबह के समय ग्रामीणों को पीने के पानी नसीब नहीं हुआ। इसके अलावा पशुओं के लिए चारा काटने का संकट खड़ा हो गया। पीने के पानी के लिए ग्रामीणों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। रविवार दोपहर 2 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
इन गांव में ठप रही बिजली सप्लाई
बढे़ड़ीराजपुतान, भारापुर, शांतरशाह, बहादरपुर सैनी, दौलतपुर, धनौरी, धनौरा, मुलदासपुर, तेलीवाला उर्फ शिवदासपुर, कुतुबपुर, पूरणपुर, मीरपुर, गढ़, राजपुर, आन्नेकी कलां, आन्नेकी खुर्द, ओरंगाबाद, जसवावाला, बेड़पुर, रसूलपुर टोंगिया, अजमेरीपुर, हजारा ग्रंट, इंद्रगढ, खाला टिहरा, टिहरा टोंगिया, डालूवाला खूर्द, डालूवाला मजबता, डालूवाला कलां, रिठौरा ग्रंट,कोटा खेड़ा, आसफनगर, माच्छरहेड़ी, माजरी, गुम्मावाला, सोहलपुर, हददीवाला, झिड़ियान ग्रंट, बेलकी मसाई, मसाई कलां, शेखवाला, फतेहपुर, मानुबास आदि।
इमलीखेड़ा कंट्रोल रूम से धनौरी की विद्युत आपूर्ति को आ रही लाइन मे केबल बॉक्स फूंक गया था। केबल बॉक्स सेटअप करने के पश्चात विद्युत आपूर्ति 2 बजे के करीब बहाल कर दी गई है।
- विपिन कुमार, एसडीओ धनौरी बिजली घर