किसान मजदूर संगठन सोसायटी ने विधायक को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। किसान मजदूर संगठन सोसायटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रवि बहादुर से मुलाकात की। उन्हें किसानों, मजदूरों और प्रदेश के युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के लिए ज्ञापन दिया।
कहा कि उत्तराखंड के किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और पानी उपलब्ध कराया जाए। प्रदेश में स्थापित सरकारी, अर्ध सरकारी और निजी उद्योगों में कम से कम 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के शासनादेश को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाए। ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने संगठन के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि मांग पत्र में लिखी गई मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
किसान मजदूर संगठन सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी ने कहा कि संगठन किसानों, मजदूरों और युवाओं के हितों की लड़ाई को लगातार लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाता रहेगा। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री नवीन, सतीश चंद फौजी, मुनेश पाल, सुबोध कुमार शर्मा, अनुज शर्मा आदि मौजूद रहे।