कनखल के बैरागी कैंप क्षेत्र में शनिवार रात एक बुजुर्ग की पत्थर और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह पहरेदारी के लिए बाग में रहते थे। रात में सोते समय किसी ने हमला कर उसकी हत्या कर डाली। रविवार की सुबह चौकीदार का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
कनखल थाना प्रभारी मुकेश चौहान के मुताबिक कनखल के बैरागी कैंप क्षेत्र की बजरीवाला बस्ती में सिंचाई विभाग की जमीन पर निर्मल नाम के व्यक्ति ने करीब 20 साल पहले आम व अमरूद के पेड़ लगाए थे। इस बाग में कई साल से निर्मल का बेटा राम कीरत देखभाल करते आ रहे थे। रोजाना की तरह शनिवार की रात में वह बाग में ठेली पर सोए थे। उसी दौरान किसी ने पत्थर और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। सुबह बुजुर्ग का खून से लथपथ शव बरामद हुआ तो सनसनी फैल गई।
सूचना पर सीओ सिटी शेखर सुयाल, इंस्पेक्टर कनखल मुकेश चौहान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। एसओजी ने भी साक्ष्य जुटाते हुए पड़ताल की। रामकिरत का परिवार आर्थिक रूप से मजबूत नहीं है, इसलिए संपत्ति विवाद की आशंका कम है। पुलिस को पता चला है कि वह शराब पीने का आदी थे। पुलिस मान रही है कि रात में किसी से झगड़ा होने पर उसने बुजुर्ग पर हमला करते हुए मौत के घाट उतार दिया। शक के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। सीओ सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि बुजुर्ग की हत्या क्यों और किसने की है, इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।