लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शिता से कुशलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने एनआईसी कक्ष पहुंचकर कार्मिकों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया।
प्रथम रेंडमाइजेशन में 130 प्रतिशत कार्मिक लिए गए। जिलाधिकारी ने मंगलवार को सभी विभाग के कर्मचारियों को ड्यूटी स्लिप के साथ ही प्रपत्र 12 के प्रारूप वितरित करने के निर्देश दिए। बताया कि जिन कार्मिकों की ड्यूटी निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए लगाई गई है, उनकी ड्यूटी न तो हटाई जाएगी और न ही बदली जाएगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कारणों से ड्यूटी से हटाने के लिए सीएमओ के नेतृत्व में मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार अनफिट पाए जाने पर ही कार्मिक को निर्वाचन ड्यूटी से हटाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की मतदाता सूची में दर्ज जनपद के मतदान कार्मिक लोकसभा चुनाव में जिस स्थान पर तैनात होंगे, उसी बूथ पर इडीसी के माध्यम से मतदान कर करेंगे। जनपद की मतदाता सूची में दर्ज जनपद के निर्वाचन से जुड़े ऐसे कार्मिक जो बूथ से हटकर तैनात किए गए हैं, वह इडीसी के माध्यम से नजदीकी बूथ पर मतदान कर सकेंगे। कहा कि अन्य जनपदों के निर्वाचन से जुड़े कार्मिक बैलेट पेपर के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में प्रपत्र 12 के संबंधित प्रारूप नियमानुसार भरकर लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक व्यक्तिगत एवम नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए शतप्रतिशत मतदान करें।
बताया कि मतदान कार्मिकों को 19 मार्च से 22 मार्च तक भेल के कन्वेंशनल हॉल में विभिन्न चरणों में मास्टर ट्रेनरों की ओर से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन, अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता, यशपाल सिंह, अरुणेश पैन्यूली, देवेंद्र अधिकारी मौजूद रहे।