सात महीने से सुमन नगर के रहने वाले सहदेव नेगी बिजली का कनेक्शन लेने के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी जेई व लाइनमैन कनेक्शन नहीं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
सहदेव नेगी ने बताया कि ऊर्जा निगम कार्यालय में बिजली के कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। संबंधित अवर अभियंता और लाइनमैन को सभी दस्तावेज दे दिए गए लेकिन कनेक्शन आज तक नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी माता बीमार थीं। ऑक्सीजन व सिकाई की सलाह चिकित्सकों ने दी लेकिन बिजली न होने के कारण ये व्यवस्था नहीं हुई। इस अभाव में उनकी मृत्य हो गई। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुराने मकान में इनका कनेक्शन था। कुछ दूरी पर ही मकान लेने के बाद पुराने मीटर को ही वहां लगा दिया गया। नियम के मुताबिक लाइन शुल्क जमा करने के बाद ही मीटर व कनेक्शन होता है। लाइन चार्ज जमा नहीं होने से कनेक्शन की प्रक्रिया रुक रही है।