दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि पति ने उसकी बहन के घर में आकर उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के मुुताबिक हाल निवासी गैस प्लांट चौकी क्षेत्र के भाईचारा होटल निवासी साबरीन मूल निवासी अकबरपुर, रोहताश, बिहार ने शिकायत देते हुए बताया कि 23 अगस्त 2021 को वह अपनी बहन के घर पर आई हुई थी। रात आठ बजे के करीब उसका पति फरमूद निवासी ग्राम काटका जिला मुजफ्फरनगर व पति का भांजा तालिब निवासी इब्राहिमपुर थाना पथरी उसकी बहन के घर पर आए और मारपीट करने लगे। जिस पर बीच बचाव कराने आई पीड़िता की बहन के साथ भी मारपीट की।
मारपीट व शोर-शराबे की आवाज सुनकर मकान मालिक तौफिक व अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उनकी जान बचाई। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे तीन बार तलाक कहा और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। महिला का कहना है कि उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की जा रही है।