14 फरवरी को होने वाले मतदान को देखते हुए जिले को चार सुपर जोन, 33 जोन और 161 सेक्टरों में बांटा गया है। इसके साथ ही एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को दिव्यागजनों, अति वृद्ध, बीमार, चोटिल व्यक्तियों को मतदान में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
रोशनबाद स्थित पुलिस लाइन के सभागार में मतदान ड्यूटी पर जाने से पहले मुख्य चुनाव प्रेक्षक केआर मीणा, जिला निर्वाचन अधिकारी विनय शंकर पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों व कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने कार्मिकों को हिदायत दी गई कि मतदाता से मृदु व सभ्य व्यवहार बनाए रखना है। राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहें और अनावश्यक किसी भी बाहरी व्यक्ति से संपर्क न रखें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देंश दिए गए हैं।
मुख्य चुनाव प्रेक्षक केआर मीणा, जिला निर्वाचन अधिकारी विनय शंकर पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अगले 48 घंटे हर दृष्टिकोण से संवेदनशील रहेंगे। उन्होंने बताया गया कि ड्यूटी वाले कार्मिक रविवार सुबह अपना जरूरी सामान लेकर सुबह नौ बजे शिवडेल स्कूल सेक्टर एक बीएचईएल पहुंचेंगे। ड्यूटी कार्ड पर बस संख्या अंकित होगी। कहा कि कोई कार्मिक प्राइवेट वाहन से ड्यूटी केंद्र पर नहीं पहुंचेगा।