गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर में धरना देते कर्मचारी ।
- फोटो : HARIDWAR
गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर की समिति के बीच चल रहे विवाद के चलते शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ को पांच महीने से तनख्वाह नहीं मिल सकी है। इसे लेकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर में प्रबंधन की समिति में विवाद चल रहा है। विवाद के चलते हुए महाविद्यालय के बैंक खातों का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे स्टाफ का वेतन जारी नहीं हो पा रहा है। राकेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान नई दिल्ली से केवल तीन कर्मचारियों का वेतन आहरण किया जा रहा है, जबकि इनके अतिरिक्त 50 कर्मचारियों का वेतन नहीं मिल रहा है। इससे कर्मचारियों के परिवारों के सामने भुखमरी का संकट पैदा हो गया है। पिछले साल अक्तूबर महीने से फरवरी तक ईपीएफ का भी चालान जमा नहीं किया गया है। ईएसआई का भुगतान भी 6 महीने से नहीं हुआ है। यदि कोई कर्मचारी बीमार हो जाता है तो उसे नगद में इलाज कराना पड़ता है। उन्होंने शीघ्र तनख्वाह जारी करने की मांग की है। मुख्याधिष्ठाता बलवंत चौहान का कहना है कि बैंक में पर्याप्त धनराशि जमा हैं, मगर पूर्व की समिति में मुख्याधिष्ठाता बैंक खातों को संचालित नहीं करने दे रहे हैं। इस मौके पर प्रदर्शन करने वालों में नवीन कांबोज, हेमचंद कांबोज, हेमचंद्र जोशी, जगदीश चंद्र, शुुुभम सिंह, पूरन सिंह, पवन चौहान, बच्ची राम शर्मा, पीएस रावत, संजू जखमोला, बलबीर सिंह, हरि प्रसाद कश्यप, राजेश शर्मा, ओमपाल, कमलापति बलोदी आदि शामिल हुए।