शुगर मिल के निदेशक अशोक अग्रवाल की लूटी गई कार को देवबंद पुलिस ने बरामद कर लिया। लेकिन मामले में दिलचस्प बात यह रही कि कार सुबह के समय देवबंद चौकी से चोरी हो गई है। मामले पुलिस की किरकिरी को देखते हुए एसएसपी सहारनपुर ने मामले की जांच एसपी देहात सहारनपुर को सौंपी दी है।
मामले की जानकारी उस समय हुई जब पुलिस स्थानीय पुलिस कार को लेने देवबंद पहुंची। उत्तर शुगर मिल के निदेशक अशोक अग्रवाल की कार मंगलवार को दो बदमाशों ने होटल सेंट्रम के सामने से चालक ब्रहम सिंह को तमंचा दिखाकर लूट ली थी।
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मंगलौर, कोतवाली रुड़की, गंगनहर आदि सहित तमाम थानों की पुलिस ने नाकेबंदी कर कार की तलाश की। इस संबंध में सहारनपुर, देवबंद और मुजफ्फरनगर आदि की पुलिस को भी वायरलैस किया गया था। जिसके चलते वहां भी चेकिंग कराई गई।
चेकिंग के दौरान देवबंद पुलिस ने लूटी गई कार को देर रात बरामद कर लिया। हालांकि बदमाश कार को छोड़कर भागने में कामयाब रहे। कार बरामद की सूचना देवबंद पुलिस ने मंगलौर पुलिस को रात को ही दे दी थी। मंगलौर पुलिस कार लेने के लिए देवबंद गई भी थी।
लेकिन देवबंद पुलिस ने कहा कि वह कार को अपने यहां बरामद दिखाकर जमा करा देंगे। इस पर पुलिस वापस लौट आई। बताया गया कि देवबंद पुलिस ने रात को उसी कार से गश्त आदि की और गश्त के बाद सुबह के समय देवबंद चौकी में खड़ा कर दिया। इसी दौरान किसी ने कार को चोरी कर लिया।
इस बात की जानकारी मंगलौर पुलिस को आज सुबह तब हुई जब पुलिस कार को लेने देवबंद पहुंची। लेकिन वहां जाकर पता चला कि कार नहीं है। एसएसपी हरिद्वार स्वीटी अग्रवाल ने बताया कि देवबंद पुलिस से सूचना आई थी कि कार को बरामद कर किया गया है। लेकिन अब कार उनके पास नहीं है।
कार की तलाश कराई जा रही है। एसएसपी सहारनपुर नवीन तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी देहात को मामले की जांच सौंपी गई है।