हरिद्वार। नगर कोतवाली से कुछ दूरी पर रजिस्ट्री तिराहे के पास कार खड़ी को लेकर हुए विवाद में एसएससी परीक्षा देने आए युवकों ने पुलिस के सिपाही की बेरहमी से पिटाई कर दी। बेसबाल स्टिक से वार कर उसका सिर फोड़ दिया। बीच बचाव में आए एक ड्राइवर के मुंह पर भी स्टिक मारकर उसके पांच दांत तोड़ दिए। पुलिस ने तीन युवक दबोच लिए जबकि दो फरार हो गए।
घटना रविवार सुबह करीब सवा आठ बजे की है। रजिस्ट्री तिराहे के पास एक होटल में कुछ युवक ठहरे थे। यह युवक एसएससी की परीक्षा देने आए थे। नो पार्किंग जोन में खड़ी कार को लेकर एक पुलिस कांस्टेबल ने एतराज जताया। कांस्टेबल से युवक उलझने लग गए। इसी बीच वहां गुजर रहे चेतक सवार पुलिसकर्मी हसलवीर व संजीव ने जब बीच बचाव करना चाहा तो युवक उनसे भिड़ गए। गुस्साये युवकों ने कार से बेसबॉल स्टिक निकालकर सिपाही हसलवीर पर हमला बोल दिया। सिर पर स्टिक से प्रहार होने पर सिपाही हसलवीर खून से लथपथ हो गया। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक जीप चालक सतपाल सिंह रावत निवासी गांव श्यामपुर ने रोकना चाहा तब स्टिक से उसके मुंह पर भी वार कर दिया। जीप चालक के पांच दांत टूट गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हमला करने के तीन आरोपी युवक दबोच लिए जबकि उनके दो साथी फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवकों के नाम लविश पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी गांव रठौरा छपरौली जिला बागपत, प्रशांत तोमर पुत्र सतीश निवासी गांव वाजीदपुर बडौत बागपत एवं सिद्धार्थ पुत्र रामपाल निवासी पुलिस कालोनी भजनपुरा नई दिल्ली है। जबकि फरार साथियों के नाम संदीप तोमर एवं आदिल है ये भी पुलिस कालोनी भजनपुरा नई दिल्ली के ही रहने वाले है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी सिद्धार्थ की मां इंदु हेड कांस्टेबल है और फरार आरोपियों के पिता भी दिल्ली पुलिस में एएसआई एवं कांस्टेबल है। कांस्टेबल के सिर में 12 टांके आए है और चालक सतपाल के भी पांच दांत टूट गए है। कांस्टेबल की ओर से इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया है।