अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
गुरुकुल कांगड़ी के छात्रसंघ अध्यक्ष विक्रम भुल्लर के पिता का कालोनी के युवकों से हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। दूसरे पक्ष की महिलाओं ने छात्रसंघ अध्यक्ष पर अपने समर्थकों सहित घर में घुसकर अभद्रता करने और बच्चों की हत्या की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को रामनगर कालोनी में वसंत पंचमी के दिन छात्रसंघ अध्यक्ष के पिता गुरदेव सिंह उर्फ गेबू का पतंग उड़ा रहे पड़ोसी युवक हन्नी, विकास और राजन से विवाद हो गया था। पिता के साथ हुए विवाद के बाद छात्रसंघ अध्यक्ष भी समर्थकों के साथ पहुंचा था। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोंकझोंक हुई थी।
पुलिस ने जैसे तैसे स्थिति को संभाला था। सोमवार देर शाम कालोनी की रहने वाली शिमला देवी पत्नी प्रमोद उपाध्याय एवं अरुणा जोशी पत्नी ललित जोशी ने ज्वालापुर पुलिस को की गई शिकायत में आरोप लगाया कि छात्रसंघ अध्यक्ष ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर उनके साथ अभद्रता करने के साथ ही बच्चों को हत्या की धमकी दी है। महिलाओं ने अंदेशा जताया कि उनके बच्चों के साथ अनहोनी हो सकती है। छात्रसंघ अध्यक्ष के साथी अमरदीप एवं अमित कुमार के खिलाफ पूर्व में कनखल थाने में कई मामले दर्ज हैं। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर रहे है।
विवादों में रहा अध्यक्ष का पद
गुरुकुल के छात्रसंघ अध्यक्ष का पद हमेशा से ही विवादित रहा है। गुजरे एक दशक पर नजर डालें तो शायद ही कोई ऐसा अध्यक्ष रहा हो जिसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज न हुआ हो। अब मौजूदा अध्यक्ष विक्रम भुल्लर के दामन पर भी आरोप लग चुके हैं।