हरिद्वार। तीन दिन पूर्व ही प्रॉपर्टी डीलर से घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में जमानत पर जेल से छूटकर आए भाजयुमो नेता अमरदीप चौधरी ने अपने साथी परमवीर के साथ शराब के नशे में धुत होकर सिडकुल के पेंटागन मॉल में जमकर हंगामा काटा। सिक्योरिटी गार्ड से उलझ रहा भाजयुमो नेता मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल से भी उलझ गया। एसओ कमल मोहन भंडारी का कहना है कि दोनों का शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया गया है।
कनखल के गांव जगजीतपुर का रहने वाला भाजयुमो नेता अमरदीप चौधरी पुत्र नैन सिंह अपने दोस्त परमवीर पुत्र आदेश निवासी तितावी मुजफ्फरनगर यूपी के साथ पेंटागन मॉल पहुंचा था। किसी बात को लेकर भाजयुमो नेता एवं उसका साथी मॉल के सिक्योरिटी गार्ड से उलझ गए। कहासुनी की सूचना पर सिडकुल थाने से हेड कांस्टेबल निजाम अली मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पुलिस से भी भाजयुमो नेता उसका दोस्त उलझने लग गए। सूचना मिलने पर सिडकुल थाने से पहुंचे पुलिसकर्मी शराब के नशे में धुत रहे दोनों लोगों को पकड़कर थाने ले आए। बता दें कि हाल ही में भाजयुमो नेता ने कनखल के राजा गार्डन में पेशे से चालक राजीव सिंह के घर घुसकर मारपीट कर दी थी तब उसकी गिरफ्तारी हुई थी। तीन दिन पूर्व ही वह जेल से जमानत पर छूटकर आया है।