बहियां चोरी करने के आरोप में जेल गए मुख्य आरोपी के नाम से पीड़ित पुरोहित के कर्मचारी को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। पुरोहित की तरफ से की गई मौखिक शिकायत पर हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मोबाइल फोन नंबर की तह तक पहुंचने के लिए सीआईयू की मदद ली जा रही है।
जनवरी में हरकी पैड़ी क्षेत्र की रामगिरि की हवेली में बनी पुरोहित मनोज कौशिक की गददी से बहियां चोरी कर ली गई थी। पेशे से अधिवक्ता और काबीना मंत्री मदन कौशिक के करीबी माने जाने वाले मनोज कौशिक की गद्दी से बहियां चोरी होने के प्रकरण को पुलिस ने गंभीरता से लिया था। चंद दिन में पुलिस ने बहियां बरामद करते हुए मुख्य आरोपी तरुण एवं उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। पिछले हफ्ते ही पुरोहित की गद्दी पर कार्यरत कर्मचारी के मोबाइल फोन पर कॉल आई। कॉल कर रहे शख्स ने खुद को तरुण बताते हुए कहा कि वह जेल से बोल रहा है। आरोप है कि फोन करने वाले ने धमकी दी कि इस बार तो बहियां मिल गई, लेकिन अगली बार वह किसी को बख्शने वाला नहीं है। डरे सहमे कर्मचारी ने पुरोहित मनोज कौशिक को घटनाक्रम से अवगत कराया। फिर इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। मोबाइल नंबर के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।