अकौढ़ा कलां गांव में दबंगों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास की ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जा कर लिया। प्रधानपति ने एसडीएम से मामले की शिकायत कर भूमि को कब्जा मुक्त करवाने की मांग की है। उधर, एसडीएम ने हल्का लेखपाल को मामले की जांच कर आख्या रिपोर्ट तलब की है।
अकौढ़ा कलां गांव की ग्राम प्रधान आमना के पति सलीम अहमद ने एसडीएम कौस्तुभ मिश्र को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके गांव में राजकीय प्राथमिक विद्यालय है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के पास ही ग्राम पंचायत की कुछ भूमि खाली पड़ी हुई है। इस पर गांव के ही कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर उपले रखने का बिटोडा रख दिया है। इसके अलावा भी उन्होंने पेड़ काट कर भी उसकी लकड़ियां भी सरकारी भूमि पर ही रखकर अपना कब्जा कर लिया। प्रधानपति ने उक्त लोगों से कब्जा हटाने को कहा तो उन्होंने कब्जा हटाने से साफ इंकार कर दिया। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने हल्का लेखपाल को मामले की जांच कर आख्या रिपोर्ट तलब की है।