ब्यूरो/अमर उजाला, पथरी
दुर्घटना में घायल हुई एक किशोरी की मदद करने के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। लड़की के पिता ने तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट करने और उसकी वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर फेरुपुर चौकी पर शुक्रवार की शाम हंगामा किया।
घटना बृहस्पतिवार की है। पहले मामले में गांव में कानूनी कार्रवाई नहीं करने के लिए पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाया जाता रहा। बाद में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता पीड़ित पक्ष को फेरुपुर चौकी लेकर पहुंचे। तब मामले में मुकदमा दर्ज हुआ। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह उसकी बेटी घर से स्कूटी पर ट्यूशन पढ़ने गई थी। कटारपुर चौराहे पर हरिद्वार लक्सर मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिसमें उसकी बेटी घायल हो गई। गांव का युवक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचा। युवक उसकी बेटी का उपचार कराने के बहाने बाइक में बिठाकर ले गया। आरोप है कि वह किशोरी को पदार्था ले गया। वहां पहले से ही तीन अज्ञात युवक मौजूद थे। चारों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने उसकी वीडियो बना ली। शुक्रवार को वीडियो वायरल होने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हो गये। फेरुपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों को तलाश की जा रही है। दूसरी ओर बजरंग दल के कार्यकर्ता सौरभ चौहान, जिवेंद्र तोमर, रोहित शास्त्री, अक्षय, शुभम चौधरी, आकाश प्रजापति, तरुण त्यागी, कार्तिक दिवाकर आदि ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।