ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। सहपाठी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे युवक को ज्वालापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाली ज्वालापुर में पांच मई को क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी बेटी वर्ष 2014-15 में भेल के एक स्कूल की छात्रा थी। आरोप था कि 11वीं में अध्यनरत रही उसकी बेटी से सहपाठी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे और उसकी अश्लील फोटो भी खींच ली थी। आरोप था कि अब कई दिन से युवक उसकी पुत्री के मोबाइल फोन पर लगातार अश्लील फोटो भेज रहा है।
बेटी ने जब डर के मारे मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया तब वह उसकी पत्नी के मोबाइल फोन पर अश्लील फोटो भेजकर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी शिवम चोपड़ा पुत्र करनपाल निवासी सेक्टर पांच भेल के खिलाफ पोक्सो, आईटी एक्ट एवं दुष्कर्म समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। जांच अधिकारी कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया है। वह पेशे से इलेक्ट्रीशियन है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।