ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
दुष्कर्म से गर्भवती हुई नाबालिग ने रविवार देर रात बच्चे को जन्म दिया है। अस्पताल की ओर से पूर्व में नाबालिग को भर्ती करने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद एसएसपी निवेदिता कुकरेती के हस्तक्षेप के बाद नाबालिग को भर्ती किया गया। मामले में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
उल्लेखनीय है कि पछवादून क्षेत्र की एक नाबालिग का आरोप है कि विकासनगर निवासी एक सैन्य कर्मी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच उसे पता चला कि वह मां बनने वाली है। पीड़िता ने गर्भवती होने की बात सैन्यकर्मी को बताई तो उसने देहरादून में रहने वाली अपनी बहन के घर बुला कर शादी की औपचारिका पूरी की और 10 रुपये के स्टांप पर शादी का शपथपत्र बनवा दिया। आरोप है कि उसके गर्भवती होने पर न सिर्फ उसका बच्चा गिराने का प्रयास किया गया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।
अब पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपी सैन्यकर्मी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पीड़िता का कहना है कि वह कई बार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती से मिल चुकी है। एसएसपी की ओर से हर बार मामले में कार्रवाई का आश्वासन की मिला है और आरोपी खुलेआम घूम रहा है। एसएसआई नरोत्तम बिष्ट ने बताया कि मामला जिस थाना क्षेत्र का है उस थाना पुलिस की ओर से ही कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली पुलिस प्रकरण को संबंधित थाना पुलिस को पूर्व में ही स्थानांतरित कर चुकी है।