अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
किन्नर मोनिका से मारपीट करने के आरोपी किन्नरों को हिरासत में लेने के बाद पीड़ित किन्नर के पक्ष में पहुंचे किन्नरों ने मायापुर चौकी में पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पीड़ित पक्ष से माफी मांगने पर आरोपी किन्नरों से सुलह कर ली।
बुद्ध पूर्णिमा को देवपुरा चौक के पास ऑटो रिक्शा से उताकर किन्नर मोनिका एवं सोनिया के साथ दूसरे गुट के किन्नरों ने मारपीट कर दी थी। किन्नर मोनिका ने इस संबंध में पांच किन्नरों के खिलाफ मायापुर चौकी में मुकदमा दर्ज कराया था। बुधवार को मोनिका ने अन्य किन्नरों के साथ पत्रकार वार्ता कर आरोपी किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी चारों किन्नरों को हिरासत में ले लिया। यह जानकारी मिलने पर पीड़ित मोनिका, किन्नर रीना गुर्जर, गुड्डी समेत कई किन्नर मायापुर चौकी पहुंचे। किन्नरों ने हिरासत में लिए गए किन्नरों को खूब भला बुरा कहा। इधर, मोनिका किन्नर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल की बात पर अड़ी रही।
वरिष्ठ किन्नरों के चेतावनी देने के बाद आरोपी किन्नरों ने अपनी गलती स्वीकार कर मोनिका से माफी मांग ली। इधर, चौकी में किन्नरों के हंगामा खड़ा कर देने पर पुलिस भी एकत्र हो गई। करीब एक घंटे बाद किन्नर यह कहते हुए चले गए कि उनकी सुलह हो गई है। एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।