ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
जहरीली शराब कांड के बाद जिले में तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने में जुटी पुलिस ने अब शराब तस्करों पर गुंडा और गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों से रिपोर्ट तलब की गई है।
एसएसपी जन्मेजय प्रभारी खंडूड़ी ने निर्देश दिए कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय शराब तस्करों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के लिए प्रस्ताव भेजें। ऐसे अपराधियों को नामजद कर पुलिस उन पर शिकंजा कसेगी। उन्होंने बताया कि शराब का नेटवर्क लगातार बढ़ने के पीछे बड़ा कारण यह भी है कि कानून में उन्होंने अधिक सजा का प्रावधान नहीं हैं और जल्द ही जमानत मिल जाती है। उन्होंने बताया कि गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कर उनका तंत्र तोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही झबरेड़ा शराब कांड के सभी आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध करने के निर्देश एसएसपी की ओर से दिए गए हैं।