बहादराबाद। थाना क्षेत्र के एक अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा काटा। शनिवार शाम क्षेत्र के बोंगला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती एक बच्चे की हालत गंभीर हो गई थी। सूचना मिलते ही बच्चे के परिजनों व समाज के लोगो ने अस्पताल पहुंचकर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जबरदस्त हंगामा किया।
परिजनों ने बताया कि वियान (8) पुत्र विजय निवासी जाटव बस्ती बहादराबाद को तेज बुखार होने पर अस्पताल लेकर आए थे। जहां डॉक्टरों ने बच्चे को भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के सारे टेस्ट करा दिए। आरोप है कि 12 घंटे बीत जाने के बाद बच्चे को वेंटीलेटर पर रखा गया। जिसके बाद उनके बच्चे को डॉक्टर ने रेफर के लिए बोल दिया। इससे अक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में खूब हंगामा काटा। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाई। थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि मामला शांत करा दिया गया है। परिजन बच्चे को दूसरे अस्पताल में ले गए हैं।