फिल्म काली के विवादित पोस्टर मामले में फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई समेत 11 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की शिकायत पर कार्रवाई की गई है।
कनखल थाना प्रभारी मुकेश चौहान के मुताबिक हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री विक्रम सिंह राठौर ने शिकायत देकर बताया कि फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई ने आराध्य मां काली का विवादित पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में मां काली को सिगरेट पीते हुए दर्शाया गया है। पोस्टर में मां काली के हाथ में एलजीबीटीक्यू (लेस्बियन, गे बाइसेक्सुअल एंड ट्रांसजेंडर कम्युनिटी) का प्राइड फ्लैग भी दिखाया गया है।
आरोप है कि पोस्टर ने भारत एवं देश-विदेश में रहने वाले सनातनी हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को भड़काने का कार्य किया है। विक्रम सिंह राठौर के मुताबिक पोस्टर दो जुलाई को रिलीज हुआ। इसे कनाडा के एक प्रोजेक्ट अंडर द टैंट के तहत प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन टोरंटो (कनाडा) के आगा खान म्यूजियम में किया गया।
तहरीर के आधार पर कनखल पुलिस ने निर्माता लीना मणिमेकलाई, सहायक निर्माता आशा पोनाचन, राइटर एडिटर श्रवण, कैमरामैन फतीम चौधरी, कलाकार पीराकाश कनाकायाम, आडियोग्राफर तपश नायक, इमेज ग्रेडिंग राजा राजन, मेकअप आर्टिस्ट आशा पोनच्चक, नीदरा, रोडीग, दर्शी वेग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी मुकेश चौहान ने बताया कि फिल्म काली के निर्माता समेत पूरी टीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।