औद्योगिक इकाईयों में काम करने वाले लोग होली का पर्व मनाने अपने घर लौटे तो रोडवेज बसें और ट्रेनों में पांव रखने की जगह नहीं बची। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की बसों में सवार होने के लिए यात्रियों में ज्यादा मारामारी रही।
बुधवार से लोगों का घरों को लौटना का सिलसिला शुरू हो गया था। बृहस्पतिवार सुबह से ही बस अड्डा और स्टेशन पर औद्योगिक इकाईयों में काम करने वाले लोग पहुंचने लगे। बस अड्डे पर सुबह 11 बजे यात्रियों की भारी भीड़ जुट गई। यहां बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली सहित विभिन्न रुटों की बसों में ज्यादा आपाधापी मच गई।
रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेनों में पहले से ही बुकिंग करा चुके लोग पहुंचे। ट्रेनों के पहुंचते ही उसमें सवार हो गए। जबकि काफी संख्या में यात्री तत्काल टिकट के लिए भी आरक्षण की खिड़कियों पर नजर आए। उत्तराखंड परिवहन निगम हरिद्वार के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि होली पर सभी रूटों बसों की संख्या बढ़ाई गई।