धनौरी। एक अनियंत्रित ट्रक बीती रात धनौरी में सुरक्षा दीवार में ही घुस गया और उसे तोड़ते हुए गंगनहर के किनारे तक जा पहुंचा। इस दौरान चालक की बमुश्किल जान बच सकी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पिछले सप्ताह शुक्रवार को सहारनपुर के गंगोह में विवाह समारोह से लौटते समय एक कार के धनौरी के निकट गंगनहर में गिर जाने से मिस्सरपुर, शाहपुर तथा अजीतपुर के पांच युवकों की मौत हो गई थी। इससे पहले और बाद में भी यहां कई हादसे होते-होते बचे। प्रशासन की ओर से यहां सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है। शुक्रवार की रात भगवानपुर की ओर से आ रहा एक ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार में ही जा घुसा। दीवार को तोडक़र यह ट्रक गंगनहर तक जा पहुंचा और गंगनहर में गिरते-गिरते बचा। कुछ लोगों ने सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी रणजीत सिंह तोमर ने बताया कि चालक बिनेश कुमार एटा, यूपी का रहने वाला है। दुर्घटना के समय वह शराब पिए हुए था।