भारतीय जनता पार्टी की विजय संकल्प यात्रा मंगलवार को ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। यात्रा पूरणपुर से शुरू होकर राजपुर, मीरपुर, गढ, कुतुबपुर, दादुपुर गोविंदपुर, बहादराबाद होते बोंगला गांव में संपन्न हुई। विजय संकल्प यात्रा में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी बबीता फोगाट शामिल हुई और गढ़मीरपुर आंबेडकर चौक पर उनका अभिनंदन किया गया। बबीता फोगाट ने कहा कि चारों ओर भाजपा और पीएम मोदी का शोर है।
बबीता फोगाट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश हित में लगातार बड़े फैसले ले रहे हैं। जिसे देश की जनता खासकर युवा उनसे जुड़ रहे हैं। भारत एक शक्तिशाली देश के रूप में विश्व में उभरा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी देशभर में अलग पहचान बनाई है। एक बार फिर राज्य की जनता भाजपा को सत्ता सौंपकर पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि विजय संकल्प यात्रा में उमड़ा जनसमूह इस बात का द्योतक है।
भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा ने 2017 में परिवर्तन यात्रा शुरू की। भाजपा सत्ता में आई और परिवर्तन लाई। विकास की नई गाथा लिखी। आज फिर भाजपा पांच साल के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच आशीर्वाद लेने पहुंची है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा दोबारा सरकार बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरी है। जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। राज्य की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विकास के साथ है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि धामी सरकार ने राज्य के विकास में नए आयाम स्थापित किए हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी प्रदेश की जनता की पीड़ा को समझते हैं, इसलिए लगातार क्षेत्र में रहकर विकास की योजनाओं को लागू कर रहे हैं। विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। 60 सीटें पार के विजय संकल्प के साथ यात्रा आगे बढ़ रही है।
यात्रा में इनकी रही मौजूदगी
विजय संकल्प यात्रा में प्रदेश सह प्रभारी वीरेंद्र बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुनील सैनी, पूर्व दर्जाधारी सुशील चौहान, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र राठौर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रीता चमोली, ज्वालापुर मंडल अध्यक्ष पूर्वी चंदन चौहान, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष अमरीश सैनी, बुग्गवाला मंडल अध्यक्ष सरदार सिरमौर सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पूर्वी हितेश चौहान, पश्चिम युवा मोर्चा अध्यक्ष सुधीर सैनी, बुग्गवाला युवा मोर्चा, जिला उपाध्यक्ष, रेनू शर्मा आदि मौजूद रहे।
दो किमी लंबा काफिला
विजय संकल्प यात्रा का काफिला करीब दो किमी लंबा था। जिसमें चार और दुपहिया वाहनों की संख्या थी। जिस कारण काफिला काफी लंबा हो गया।