हरिद्वार-रुडकी हाईवे पर शनिवार सुबह मिनी ट्रक और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में दो छात्रों की मौत हो गई। दुर्घटनास्थल पर चालक मिनी ट्रक छोडक़र फरार हो गया। मृतकों में इंजीनियरिंग और दूसरा हाईस्कूल का छात्र था। दुर्घटना क्रिस्टल वर्ल्ड के पास करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई।
रुड़की की ओर से आ रहे मिनी ट्रक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद दूर छिटककर जा गिरे युवकों को राहगीरों ने मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से रुडकी सरकारी अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष मणिभूषण श्रीवास्वत ने बताया कि मृतकों की पहचान अर्जुन सैनी (18) पुत्र राजेंद्र निवासी गणपति एनक्लेव बहादराबाद एवं कार्तिक त्यागी (22) पुत्र सतीश निवासी सेक्टर तीन भेल के रूप में हुई। एसओ ने बताया कि अर्जुन हाईस्कूल का छात्र था और कार्तिक इंजीनियरिंग फाइनल ईयर था। बताया कि प्रथम दृष्टया कार्तिक और अर्जुन के बीच कोई दोस्ती होना भी सामने नहीं आया है। संभवत: कार्तिक ने उससे लिफ्ट ली होगी। ऐसा ही अनुमान कार्तिक के परिजन भी लगा रहे हैं। बताया कि ट्रक चालक दुर्घटनास्थल से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। बताया कि मोटरसाइकिल चला रहे अर्जुन ने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए है।