दो दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री डेंगू से रोकथाम के लिए तमाम दावे कर गए। अफसरों ने भी उन्हें सब कुछ अच्छा-अच्छा बताकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली, लेकिन ज्वालापुर के गुघाल रोड पर लगा एक बोर्ड इसकी पोल खोल रहा है।
यहां की गली महीनों से गंदे पानी से भरी है जिससे महामारी फैलने की आशंका बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के अफसरों से बार-बार आग्रह करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई तो लोगों ने गली के पास एक मकान पर पोस्टर लगा दिया कि सावधान यहां डेंगू के मच्छर पाले जाते हैं।
गुघाल रोड पर मंदिर के पास पूरी गली से पानी की निकासी नहीं होने के कारण यहां मच्छर पैदा होने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार प्रशासन, नगर निगम, जल निगम आदि के अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्र में वायरल का प्रकोप दिखने लगा है। लोग डेंगू की बीमारी से आतंकित हैं। खुद ही बचाव के लिए पहल करते हुए उन्होंने गली में पानी की निकासी कराने और अस्थायी तौर पर सड़क बनाने की कवायद भी शुरू की, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई रिस्पांस नहीं मिलने के कारण लोगों में भारी रोष है।