सीतापुर स्थित जिला सहकारी बैंक की शाखा की दीवार में लगे रोशनदान उखाड़कर चोरों ने स्ट्रांग रूम तोड़ने की कोशिश की। चोर स्ट्रांग रूम को तोड़ने में असफल रहे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
ज्वालापुर कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी मुताबिक जिला सहकारी बैंक सीतापुर के शाखा प्रबंधक विपुल चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक 11 और 12 दिसंबर को सार्वजनिक अवकाश था। सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे जब बैंक पहुंचे तो शाखा की पूरब की दीवार में लगा रोशनदान टूटा था। इसके बाद अन्य सामान की जांच की तो स्ट्रांग रूम के दरवाजे का हैंडल भी टूटा मिला। शाखा में लगे मॉडम, टेकराउट व राउटर गायब था। शाखा मैनेजर की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पहुंची और छानबीन की गई। लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है इसी क्षेत्र के बैंक में सेंधमारी
ज्वालापुर के सीतापुर क्षेत्र के बैंक चोरों के निशाने पर हैं। कुछ महीने पहले भी एक बैंक में सेंधमारी की गई, लेकिन चोर बैंक का स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंच सके थे।