औद्योगिक क्षेत्र हरिद्वार से सटी इंद्रा बस्ती में दूसरे दिन भी पानी की किल्लत होने से क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जल संस्थान के एसडीओ का घेराव किया और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। विभाग ने जल्द समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया।
हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र से सटी लोधामंडी और इंद्रा बस्ती कालोनी में पेयजल की सप्लाई टैंकर नंबर दो से होती है। यहां पेयजल निगम की ओर से डाली गई लाइन करीब सात जगह से लीकेज हो रही है। जिस कारण इंद्रा बस्ती में रविवार शाम से पेयजल आपूर्ति बाधित है। सोमवार को जल संस्थान का टैंकर बस्ती में पानी लेकर पहुंचा। स्थानीय लोग मौके पर अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। हंगामे की सूचना पर एसडीओ मदनसेन वर्मा इंद्रा बस्ती पहुंचे। यहां लोगों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा की अगुवाई में क्षेत्रवासियों ने पेयजल की समस्या उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की। एसडीओ ने पेयजल लाइन की मरम्मत के संबंध में पेयजल निगम से संपर्क किया। टैंक संचालन और वाल्व की समुचित व्यवस्था कर स्थायी समाधान का भरोसा भी दिलाया। हंगामा करने वालों में जयप्रकाश सैनी, सोनी, विनोद, राकेश, सुमित, मोनू, ईष्टदेव सोनी, गौरव राजपूत, ज्ञानचंद, रीता झा, रानी, सावित्री देवी, प्रवीण कुमार आदि शामिल रहे।
इसलिए उठानी पड़ रही दिक्कत
क्षेत्र में पेयजल की समस्या कई साल से चली आ रही है। पिछले साल टिबड़ी के ट्यूबवेल से लाइन जोड़ने का शिवलोक कॉलोनीवासियों और स्थानीय नेताओं ने विरोध किया था। जिस कारण गर्मियों में इंद्राबस्ती के अलावा आस पास का पूरा इलाका पानी की किल्लत झेलता है। लेकिन इस बार सर्दियों में भी पेयजल का संकट पैदा हो गया। इसके पीछे एक कारण यह भी है कि टैंक सिर्फ दिन में भरा जाता है, जिससे वह पूरी तरह नहीं भर पाता। वहीं वाल्व न होने के कारण लोधामंडी में ज्यादा पानी और इंद्राबस्ती में पेयजल की आपूर्ति कम मात्रा में होती है। एसडीओ मदनसेन वर्मा ने बताया कि दोनों समस्याएं जड़ से खत्म की जाएंगी। टैंक रात में भी चलेगा और वाल्व भी लगाई जाएगी।