हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में स्मैक तस्करी करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रईस निवासी लक्सर के पास से 31.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया जबकि स्मैक सप्लाई करने वाले दूसरे आरोपी की तलाश में टीम लगाई गई।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मंगलवार देर रात एसआई रविंद्र जोशी पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। दुर्गा चौक से नहर पटरी की तरफ जाते समय जटवाड़ा पुल की तरफ से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह मुड़कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रईस निवासी ग्राम लादपुर थाना लक्सर बताया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 31.10 ग्राम स्मैक हुई। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि स्मैक उसे गांव के ही आजाद ने सप्लाई की थी। आरोपी गैंगस्टर एक्ट व नशा तस्करी में पहले भी जेल जा चुका है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।