हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से लापता 55 वर्षीय व्यक्ति का कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस ने गुमशुदगी को अपहरण में तरमीम कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, लकड़हारान सर्राफा बाजार निवासी विनीता अरोड़ा ने पांच अक्तूबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी कि उनके पति राजेश कुमार अरोड़ा चार अक्तूबर की सुबह बिना बताए घर से निकले थे और इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने खोजबीन के लिए क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काफी प्रयास किए। इसके बावजूद कई दिनों तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। लंबा समय बीत जाने और परिस्थितियों को देखते हुए अपहरण की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर गुमशुदगी को अपहरण में बदलकर जांच शुरू कर दी है।