ट्रेन से दिल्ली से देहरादून के लिए सफर कर रहे यात्री का बैग चोरी हो गया। बैग में जरूरी दस्तावेज और सोने की अंगूठी थी। दिल्ली जीआरपी से जीरो एफआईआर पर आई शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी थाना प्रभारी अनुज सिंह के मुताबिक सोमेश चंद्र निवासी गणेश नगर पांडव नगर कांपलेक्स नई दिल्ली ने जीआरपी थाना प्रभारी पुरानी दिल्ली को शिकायत में बताया कि वह 26 दिसंबर को अपनी पत्नी व बेटे के साथ देहरादून से दिल्ली आ रहा था। ट्रेन जब हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो स्लीपर कोच में रखे बैग को उन्होंने चेक किया। उनका बैग सीट पर नहीं था। बैग में दो मोबाइल, यात्री का एयरफोर्स का परिचय पत्र, कैंटीन कार्ड, पैन कार्ड, बैंक कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, 15 हजार रुपये की नकदी, फ्लैट की चाबी, सोने की अंगूठी थी। सोमेश ने 27 दिसंबर 2021 को ई एफआईआर भी दर्ज कराई थी। इसके बाद उन्होंने ई-एफआईआर को निरस्त कराकर जीरो एफआईआर दर्ज कराई है। इसे दिल्ली जीआरपी ने हरिद्वार जीआरपी को भेजा दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी अनुज सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद