हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़खानी, पीछा करने और जबरन शादी का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने शिकायत देकर बताया कि वह बहादराबाद में नौकरी करती है। प्रतिदिन सुबह पैदल हरिलोक तिराहा ज्वालापुर से बस पकड़कर ड्यूटी पर जाती हैं। आरोप लगाया कि दीपांशु कंडारी लंबे समय से उसका पीछा करता आ रहा है। पिछले करीब दो वर्षों से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। पूर्व में भी उसने छेड़खानी की थी, जिसकी शिकायत उसके पिता से की थी। उस समय माफी मांगने और भविष्य में ऐसी हरकत न होने का आश्वासन देने पर परिवार ने मामला शांत कर दिया था।
आरोप है कि 10 जनवरी की सुबह करीब पांच बजे जब वह ड्यूटी के लिए घर से निकल रही थी, तभी दीपांशु कंडारी अचानक उसके सामने आ गया। आरोप है कि उसका हाथ पकड़कर जबरन अपने साथ चलने को कहा और शादी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर धक्का-मुक्की शुरू कर दी और छेड़खानी करने लगा। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और युवती को छुड़ाया। इस दौरान लोगों ने युवक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दीपांशु को चौकी ले गई। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।