- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने नौकरी के नाम पर रकम लेने और वापस मांगने पर कुछ महिलाओं और पुरुषों पर घर में घुसकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दलीप कुमार निवासी ग्राम गढ़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने मुजफ्फरनगर निवासी प्रदीप कुमार के साथ एक ड्रिमी कॉलेज खरीदने के लिए 1.55 करोड़ रुपये का सौदा किया था। इसमें से एक करोड़ रुपये दिए जा चुके थे, जबकि 55 लाख रुपये देना शेष था। किसी कारण से सौदा पूरा नहीं हो सका। इस मामले में वर्तमान में नैनीताल हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।
आरोप है कि इस दौरान प्रदीप कुमार ने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली। लोगों को गलत जानकारी देकर बताया कि पैसे दलीप कुमार ने लिए हैं। इसी को लेकर 12 अक्तूबर को अंजू, अरुणा समेत कुछ महिलाएं और अखिलेश, सुखराम व प्रदीप कुमार उनके घर पहुंचे और रुपये को लेकर दबाव बनाया।
उस समय दलीप ने उन्हें बताया कि उनका लेनदेन प्रदीप कुमार से है। आरोप है कि 26 अक्तूबर को प्रदीप कुमार और उसके साथ आए लोग जबरन घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए दलीप कुमार और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।