हरिद्वार। नगर कोतवाली पुलिस ने हरकी पैड़ी क्षेत्र से एक युवक को तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आदित्य शर्मा निवासी जोगिया मंडी कोतवाली नगर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को पुलिस संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कांगड़ा घाट की सीढ़ियों के पास एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और तेजी से जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे कांगड़ा पुल के नीचे स्थित ट्रांसफार्मर के पास उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक तमंचा बरामद हुआ। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी आदित्य शर्मा ने बताया कि वह नशे का आदी है और लोगों को डराकर पैसे वसूलने के इरादे से तमंचा अपने पास रखता था। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।