हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ऑनलाइन कारोबार में मुनाफे का लालच देकर करीब पांच लाख रुपये की ठगी कर दी गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रघुवीर सिंह निवासी घासमंडी वाल्मीकि बस्ती ज्वालापुर ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सिमरन ठाकुर निवासी अचौली पिथौरागढ़ की अगस्त 2024 में उन्हें फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। युवती ने उन्हें ऑनलाइन कारोबार में शामिल कर घर बैठे मोटा लाभ कमाने का झांसा दिया। सितंबर 2024 में युवती ने उनसे 50 हजार रुपये निवेश करने को कहा। विश्वास में आकर उन्होंने सीएससी सेंटर और मोबाइल के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में वर्ष 2024 से चार अगस्त 2025 तक कुल 4,99,400 रुपये आरोपी युवती के खातों में ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि युवती ने व्हाट्सएप डीपी पर अपनी जगह किसी दूसरी लड़की इसिता भंडारी की फोटो लगाई हुई थी।
जब उसे शक हुआ तो उन्होंने मोबाइल नंबर के आधार पर पिथौरागढ़ जाकर जानकारी जुटाई। वहां पता चला कि जिस युवती की फोटो लगाई गई थी, उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और वह उन्हें जानती तक नहीं। बाद में युवती ने दूसरे मोबाइल नंबर से संपर्क कर फिर पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब उन्होंने पुराने रुपये लौटाने की बात कही तो मैसेज भेजकर दावा किया कि उसके खाते में 17,48,553 रुपये आ चुके हैं और वह जल्द रकम वापस कर देगी। इसके बाद फोन उठाना बंद कर दिया और मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।