हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोची स्टोर में करीब 4.39 लाख की हेराफेरी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कंपनी के स्टोर मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, मेट्रो ब्रांड लिमिटेड कंपनी का ज्वालापुर क्षेत्र में न्यू हरिद्वार कॉलोनी स्थित मोची स्टोर संचालित है। कंपनी के प्रतिनिधि दिलीप कुमार ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि नैनीताल के ललितपुर निवासी अंकित मलिक मोची स्टोर में सेलिंग एजेंट के रूप में स्टोर मैनेजर नियुक्त था। उसके पास स्टोर के स्टॉक, सामान और दैनिक संचालन की जिम्मेदारी थी। नौ मार्च 2025 को स्टोर में नियमित स्टॉक ऑडिट कराया। स्टॉक इंचार्ज धनंजय शिंत्रे की मौजूदगी में रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया, जिसमें भारी अंतर सामने आया। रिकॉर्ड के अनुसार स्टोर में 86,02,221 रुपये का 3987 यूनिट स्टॉक होना चाहिए था, जबकि मौके पर 81,62,354 रुपये का 3785 यूनिट स्टॉक मिला। इस तरह 202 यूनिट स्टॉक कम पाया गया, जिसकी कीमत 4,39,867 रुपये है।
आरोप लगाया कि ऑडिट के दौरान 439 रुपये नकद की कमी भी सामने आई। इस प्रकार कुल वित्तीय नुकसान 4,40,306 रुपये आंका गया। पूछताछ के दौरान अंकित मलिक ने अपनी गलती स्वीकार कर लिखित में स्वीकारोक्ति पत्र भी दिया और रकम लौटाने का आश्वासन दिया। मामले में पुलिस को शिकायत देने पर भी कार्रवाई न होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।