हरिद्वार। एक होटल में बिना मालिक के छापामार कार्रवाई करने पहुंची ऊर्जा निगम की विजीलेंस टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। मामला बढ़ता देख टीम में शामिल सदस्य खिसक गए।
बुधवार शाम विजीलेंस टीम ने भल्ला रोड स्थित होटल राज डीलक्स और आसपास की दुकानों में बिजली चोरी के संबंध में छापे मारे। होटल रिसेप्शनिस्ट की मौजूदगी में विजीलेंस टीम मीटर देखने लगी। रिसेप्शनिस्ट ने मालिक को बुलाने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हो गई। मामला बढ़ने पर रिसेप्शनिस्ट ने पास स्थित व्यापारियों को बुला लिया। व्यापारियों ने टीम को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध कर हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख टीम में शामिल अधिकारी और कर्मी खिसक गए। भल्ला रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया बिना व्यापार मंडल को सूचित किए जांच का विरोध किया गया था। शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश गुलाटी ने कहा कि पूर्व में भी ऐसे ही आयकर विभाग के अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों का सर्वे किया। जबकि यह गलत तरीका है।