ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
उत्तराखंड पिछड़ा वर्ग कल्याण संघर्ष समिति के बैनर तले हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के पिछड़े समाज के जन प्रतिनिधियों की विशाल जनसभा में पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी ने प्रदेश के पिछड़े समाज के साथ हो रहे अन्याय को उठाते हुए समाज को जागरूक रहने को आह्वान किया। इस दौरान निर्णय लिया कि 16 मार्च को देहरादून चलो के नारे के साथ कूच किया जाएगा।
शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर जनसभा की, जिसमें पूर्व मंत्री राम सिंह सैैनी ने कहा कि प्रदेश में आरक्षण की असमानता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए सजग रहकर पिछड़े समाज के लिए आरक्षण को 27 प्रतिशत करने की मांग उठाने की जरूरत है। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में क्षेत्रफल के आधार पर मिल रहे पिछड़े वर्ग के आरक्षण को अविलम्ब समाप्त कर राज्य के मूल पिछड़ा वर्ग के लोगों के अधिकार सुरक्षित करने का आह्वान किया। पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल ने हरिद्वार जनपद में बहुसंख्यक अनुपात में निवास कर रहे पिछड़े समाज को उचित भागीदारी देने की मांग का जोरदार समर्थन किया। उन्होंने स्थानीय स्तर से ही राजनीतिक भागीदारी की मांग भी उठाई। इस मौके पर पूर्व विधायक रामयश, विजय पाल सिंह, वेद प्रकाश पाल, सैन समाज से उमाशंकर सैन, धर्मपाल ठेकेदार, सियाशरण यादव, विनोद खादी, मदनपाल गुर्जर, इकबाल सिंह गुर्जर, बुद्घ सिंह कश्यप, सुभाष सैनी, डा. सत्यनारायण सचान, कालूहसन, मोहब्बत अली, नंदराम, मुल्ला इफतार, पार्षद इसरार सलमानी, अनुज सिंह, राजीव भार्गव, अमन गर्ग, सहाबुद्दीन अंसारी, जफर अब्बासी, अतर सिंह प्रजापति, संगीता प्रजापति आदि रहे।