हरिद्वार। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने और वाहनों के आगे पदनाम लिखने के खिलाफ परिवहन विभाग ने अभियान छेड़ दिया है। विभागीय अधिकारियों की टीम ने रविवार को वाहनों की चेकिंग कर चार को सीज और 29 का चालान कर दिया। विभाग के अभियान के दौरान शहर में वाहन चालकों में अफरा-तफरी मची रही।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार कोई भी व्यक्ति अपने वाहन पर पदनाम, संस्थान का नाम, प्रेस, वकील आदि नहीं लिख सकता। इसके अलावा कोर्ट ने ऐसे वाहन चालकों खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए है कि जो कारों के आगे बंपर लगाते हैं या फिर ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करते हैं। रविवार को एआरटीओ की टीम ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सड़कों पर उतरी। सबसे पहले चंडी चौक पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इस दौरान चार टैक्सी चालक परमिट और अन्य कागजात नहीं दिखा सके। अधिकारियों ने चारों टैक्सियों को सीज कर दिया। इसके अलावा ऐसे 29 ऐसे वाहनों का चालान किया गया जिसके आगे पदनाम लिखा था। इन वाहनों की नंबर प्लेट भी हटवाई गई। इनमें अधिकांश कारें सत्ताधारी पार्टी के नेताओं की थी। इसके अलावा चेकिंग के दौरान आठ ऐसी कारों को चालान किए, जिन्होंने बंपर लगा रखे थे। विभिन्न कारणों के चलते हुए चार वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की। एआरटीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पूरे दिन चले अभियान में 33 वाहनों पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई जारी रहेगी।