श्यामपुर। पांच गांव को एकसाथ जोड़ने वाली पुरानी हरिद्वारी सड़क पर गाजीवाली वालीगांव के पास मुंढाल स्त्रोत पर बनाए जा रहे पुल में देरी होने के कारण ग्रामीणों ने ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग का पुतला दहन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने पुल निर्माण में देरी कर रहे हैं। अब तक ठेेकेदार ने पुल निर्माण के लिए केवल गड्ढे ही खोदवाए हैं। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भरने से खतरे की आशंका जताई है।
फरवरी में विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने पुल का शिलान्यास किया था, लेकिन 5 माह बीतने के बाद भी पुल के लिए पिलर के गड्ढे मात्र ही खोदे जा सके हैं। निर्माणाधीन पुल के पास ही बरसाती नाले का पानी बहता है। ग्रामीणों को बरसात में दुर्घटना होने का खतरा सता रहा है। उनका कहना है कि कांगड़ी, गाजीवाली के बच्चे श्यामपुर, श्यामपुर सजनपुर पीली बाहर पीली के बच्चे गाजीवाली गांव में इसी रास्ते से पढ़ने के लिए निकलते हैं। बारिश होने से नाले के नजदीक बनाए गए अस्थायी मार्ग पर जगह-जगह मिट्टी धस गई है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार का पुतला दहन किया। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर काम मे लापरवाही करने का आरोप लगाया। पूर्व प्रधान होरिसिंह, अशोक रावत, धर्मसिंह कुमाई, पप्पू रावत और सुरेश काला ने बताया कि जल्द पुल के निर्माण कार्य में तेजी नहीं आई तो वे धरना देने को बाध्य होंगे। कहा कि जल्द ही विधायक से मुलाकात कर समाधान की मांग की जाएगी। इस दौरान राजेंद्र काला, नंद किशोर काला, विजय रावत, विजयक ुमार, कुंवर सिंह, कमल बिष्ट, अमित कुमार, भुवन काला, सोनू आदि शामिल रहे।