हरिद्वार।
भूपतवाला में एक नवनिर्मित होटल के मालिक ने हाईवे पर तपा धर्मशाला के सामने बिना अनुमति के ही सीवर कनेक्शन मेन होल से जोड़ने के लिए खुदाई कर दी। खुदाई के दौरान सीवर का मेन होल और पेयजल लाइन टूट गई। पेयजल लाइन टूटने पर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अनुरक्षण इकाई जल संस्थान ने बिना अनुमति के सीवर कनेक्शन के लिए खुदाई करने पर होटल प्रबंधक को नोटिस थमा दिया है।
आरोप है कि अनुरक्षण इकाई के क्षेत्रीय अधिकारियों की मिलीभगत से राष्ट्रीय राजमार्ग से सीवर का कनेक्शन पार कराने का प्रयास किया जा रहा था और पानी की लाइन टूट गई। उन्होंने बताया कि हाइवे पर पानी भरने से कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचे। अनुरक्षण इकाई के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने बताया कि जांच करने पर प्रथमदृष्टया पाया गया कि होटल प्रबंधन ने बिना अनुमति के सीवर कनेक्शन करने का प्रयास किया। होटल प्रबंधन ने कार्यालय पहुुंचकर सफाई दी की उन्होंने केवल सीवर लाइन का लेबल देखने के लिए खुदाई कराई थी और पानी की लाइन टेलीफोन वालों ने तोड़ी है। अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने बताया कि होटल को अवैध कनेक्शन कराने के प्रयास में नोटिस दिया गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि होटल वालों ने बिना अनुमति के सीवर के मेनहोल के साथ छेड़छाड़ की है। इधर जल संस्थान के क्षेत्रीय कनिष्ठ सहायक अभियंता राकेश चंद्र बमराड़ा ने बताया कि जलापूर्ति की लाइन ठीक करने के एनएचएआई के अधिकारियों से बात की गई है। उन्होंने बताया कि दूधाधारी चौक पर भी पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने से परेशानी हो रही है।
------------------
नगर निगम क्षेत्र में भी रही दिक्कत
मायापुर में मेयर मनोज गर्ग कार्यालय परिसर के बाहर नारायणी शिला मंदिर के सामने सड़क पर पानी की लाइन की टूटने से बड़े क्षेत्र में तालाब बन गया। पानी बंद होने से नगर निगम परिसर और आसपास क्षेत्र में पानी की संकट खड़ा हुआ। इसी रोड पर मायापुर पुलिस चौकी के सामने बीच सड़क पर दो महीने पाइप लाइन में लीकेज है। जिलाधिकारी, एसएसपी, वीसी तथा मेयर मनोज गर्ग की गाड़ियां दिन में कई बार इस रोड से गुजरती हैं, इसके बावजूद लीकेज को ठीक नहीं किया जा रहा है।