हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व के मोहंड व चीलावाली नदी क्षेत्र में 28-29 फरवरी को अवैध खनन करते पकड़े गए लोगों से रायल्टी, प्रतिकर व जुर्माने के 56 करोड़ रुपये वसूले जाएंगे। यह वसूली अवैध खनन में मामले में दर्ज मुकदमों में नामित लोगों से की जाएगी। बता दें कि एसटीएफ और कर्मचारियों ने मोहंड व चीलावाली नदी में छापा मारा तो वहां बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्रालियों से खनन किया जा रहा था। छापे की कार्रवाई चल रही थी तभी खनन माफिया अपने वाहनों को जबरन छुड़ाकर ले गए। इसके बाद कई दिन तक पार्क के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर हुए खनन का आंकलन करते रहे कि कुल कितनी खनन सामग्री नदियों से चोरी की गई है और उसके चलते कितनी रायल्टी का नुकसान शासन को पहुंचाया गया है।
राजाजी टाइगर रिजर्व की एसटीएफ प्रभारी पथरी गुर्जर और पुनर्वास परियोजना के प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी विनय राठी की ओर से आंकलन करने के बाद विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि खनन करने वालों ने मोहंड रौ से 48,884.00 घनमीटर खनन सामग्री अवैध रूप से निकाली है, जिसकी रायल्टी 95,07,938.00 रुपये बैठती है। इस पर प्रतिकर 9,50,79,38.00 रुपये के अलावा दो लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। वहीं, चिलावाली रौ से 239939.00 घनमीटर खनिज निकाला गया। इस पर रायल्टी 4,66,68,135.50 रुपये बनती है। इसमें प्रतिकर 46,66,81,355.0 बना है। इसके अलावा दो लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। इस तरह दोनों की कुल राशि 56 करोड़ 21 लाख 60 हजार 735.0 रुपये बैठती है।