हरिद्वार। भेल कारखाने में ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में संविदाकर्मी की मौत हो गई। गुस्साए संविदाकर्मियों ने भेल अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रुड़की के पश्चिमी अंबर तालाब के रहने वाले अजीत (50) पुत्र बालेश्वर भेल कारखाने में संविदाकर्मी के तौर पर कार्यरत थे। बृहस्पतिवार को वह मशीन पर कार्य कर रहे थे। इसी बीच मशीन की बेल्ट टूट गई और उसका हुक संविदाकर्मी के सिर पर आ गया। परिणामस्वरूप अधिक खून बहने से गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को आनन फानन में भेल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इधर, सहकर्मी की मौत की सूचना मिलने पर आक्रोशित कर्मचारी एकत्र होकर भेल अस्पताल पहुंच गए और हंगामा खड़ा कर दिया।
आक्रोशित कर्मचारी मृतक के परिजन को नौकरी देने की मांग कर रहे थे। इसी बीच भेल के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए, जहां समाचार लिखे जाने तक उनकी कर्मचारियों से वार्ता चल रही थी। हंगामे की खबर मिलने पर रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बवाल की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। एसएसआई दिल मोहन बिष्ट ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।