भल्ला स्टेडियम में लोगों की स्क्रीनिंग होने का इंतजार करते लोग ।
- फोटो : HARIDWAR
हरिद्वार से बाहर जाने वाले यात्रियों और मजदूरों का क्रम दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रशासन ने स्क्रीनिंग जांच के बाद राजस्थान के 350 यात्रियों और मजदूरों को बसों से उनके घर के लिए रवाना किया। राजस्थान से 327 लोग हरिद्वार भी लौटे हैं। बाहर से हरिद्वार लौटे लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। दो लोगों को बुखार होने पर संस्थागत क्वारंटीन किया गया।
मालूम हो कि शनिवार को प्रदेश सरकार ने यहां रहने वाले लोगों को बाहर भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी थी। शनिवार को उत्तर प्रदेश के मजदूरों को भेजा गया। रविवार को राजस्थान के यात्रियों और मजदूरों की वापसी की व्यवस्था की गई। सभी लोगों को पहले ऋषिकुल मैदान और भल्ला क्रिकेट स्टेडियम में बनाए गए स्क्रीनिंग कैंप लाया गया। यहां पर सभी लोगों की जांच के बाद बसों से अलग-अलग जनपदों के लिए भेजा गया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा ने बताया कि उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, चमोली और पौड़ी जनपद से राजस्थान के श्रमिक यहां पहुंचे थे। इसके अलावा यहां पर यात्री भी थे। सभी 350 लोगों की स्क्रीनिंग करने के बाद बसों से भेजा गया।
उन्होंने बताया कि रविवार को राजस्थान से 327 लोग हरिद्वार पहुंचे। इसमें हरिद्वार के साथ देहरादून व अन्य जनपदों के लोग भी शामिल थे। हरिद्वार के लोगों को होम क्वारंटीन किया गया। अन्य जनपदों के लोगों को बसों में बैठाकर रवाना किया। एसीएमओ डॉ. एचडी शाक्य ने बताया इन लोगों के बारे में संबंधित जिला प्रशासन को तय करना है कि वह होम क्वारंटीन रहेंगे या संस्थागत।
----------------
फोटो
स्वास्थ्य जांच के बाद भेजा हरिद्वार
भगवानपुर/लक्सर। भगवानपुर से पांच और लक्सर क्षेत्र से 14 लोगों जांच के बाद हरिद्वार भेजा गया। भगवानपुर के एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि राजस्थान के पांच लोगों ने भगवानपुर के राहत शिविर में शरण ली थी। इन्हें बस से भल्ला कालेज हरिद्वार भेजा गया। दूसरी तरफ लक्सर क्षेत्र में रह रहे ग्यारह लोगों ने राजस्थान जाने की अनुमति मांगी थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि सुल्तानपुर में क्वारंटीन तीन जमातियों ने भी राजस्थान लौटने की अनुमति मांगी थी। एसडीएम लक्सर पूण सिंह राणा ने बताया कि सभी चौदह लोगों को घर भेजने के लिए हरिद्वार भेजा गया।