हरिद्वार। पानी का बिल जमा न करने वालों के खिलाफ रविवार को जल संस्थान ने अभियान चलाया। भोपतवाला जोन में दो अवैध कनेक्शन पकड़े गए। जबकि 14 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए।
जल संस्थान के सहायक अभियंता संजय सैनी ने बताया कि भोपतवाला जोन में चलाए गए वसूली अभियान में अब तक 2 करोड़ 70 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। 15 मार्च तक बकाया जमा करने वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही रही है। इसके बाद बिल जमा न करने वालों की आरसी काटी जाएगी। जलकल अभियंता ने बताया कि चेकिंग में सप्तसरोवर क्षेत्र में दो अवैध पानी के कनेक्शन काटे गए। इस क्षेत्र में 10 हजार रुपये से अधिक के पांच बकाएदारों के भी कनेक्शन काटे गए। नौ कनेक्शन रामगढ़, भीमगोड़ा और ब्रह्मपुरी में काटे गए हैं। भोपतवाला जोन में 10 हजार रुपये से अधिक के 1300 बकाएदारों की सूची तैयार कर ली गई है। इन उपभोक्ताओं के पास 50 प्रतिशत छूट के साथ 15 मार्च तक बकाया जमा कराने का मौका है, इसके बाद इनकी आरसी काटी जाएगी।