अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
मंगलवार दोपहर बाद घने काले बादल और बारिश से ठंड फिर लौट आई। शाम को बारिश के साथ तेज हवा भी चली। एकाएक मौसम में हुए इस बदलाव से दोपहर बाद दिन का तापमान गिर गया। मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार सुबह तक मौसम बिगड़े रहने के बाद बाद में आसमान साफ रहने की भविष्यवाणी की है।
मंगलवार दोपहर एक बजे के बाद अचानक आसमान में बादल छाने और फिर हवा चलने से लोगों का आवागमन कम होने लगी। करीब दो बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे दोपहर बाद का तापमान 18 डिग्री तक गिर गया। इसके बाद देर शाम तक कभी हल्की बूंदाबांदी रही तो कभी तेज बौछार के साथ हवा भी चली। इससे फिर से कड़कड़ाती ठंड हो गई। ठंड बढ़ने से ज्यादातर लोग घरों में कैद रहे। दुकानें खुली रही, लेकिन ग्राहक कम ही पहुंचे। एनआईएच रुड़की के मौसम वैज्ञानिक डा. मनोहर अरोड़ा का कहना है कि बुधवार तड़के तक बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। इसके बाद दिन में मौसम साफ रहेगा।
किसानों के लिए बरसात फायदे का सौदा
हरिद्वार। सर्दी में मौसम में बारिश होने से भले की ठंड में भारी इजाफा हुआ है, लेकिन अगेती-पछेती गेहूं की बुआई की फसलों के लिए यह बारिश सोना साबित हुई है। इस समय गेहूं की वृद्धि के लिए लगातार सिंचाई की जा रही है। इसके अलावा मटर, चना, पालक, मूली, सरसों, मसूर, पॉपुलर नर्सरी की फसलों में अधिक फायदा होगा। घाड़ क्षेत्रों के साथ धनौरी, पथरी, श्यामपुर आदि क्षेत्रों में फसलों के लिए बारिश अधिक फायदेमंद साबित होगी। वहां कुछ क्षेत्र असिंचित है। पथरी क्षेत्र के किसान ग्राम बादशाहपुर निवासी सुनील धीमान एवं अशोक चौहान, रानीमाजरा निवासी सुशील सैनी, फेरुपुर निवासी मांगेराम आदि का कहना है कि इस समय हुई बारिश से सिंचाई से करीब एक सप्ताह के लिए निजात मिली है। जिला कृषि अधिकारी वीकेश यादव ने बताया कि इस समय समस्त फसलों की सिंचाई के लिए पानी की जरूरत होती है, ऐसे में यह बारिश किसानों के लिए वरदान होगी। उन्होंने बताया कि आम के पेड़ों पर लगा रोग भी धुल गया है, इससे बोर भी अच्छा आएगा।